खास खबरटॉप न्यूज़देश दुनिया

जनता के पैसे से अपना प्रचार कर रहे शिवराज

विकास यात्रा पर कांग्रेस ने उठाये सवाल कहा-यह भाजपा की निकास यात्रा

●दीपक विश्वकर्मा●

•उमरिया■ प्रदेश मे चल रही विकास यात्रा को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी का कहना है कि जनता की गाढ़ी कमाई से संचालित इस यात्रा मे पुराने कामो का शिलान्यास और भूमिपूजन कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस द्वारा बुधवार को इस विषय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यक्रम के मंच मे जनप्रतिनिधियों को स्थान और सम्मान देने की बजाय भाजपा कार्यकर्ताओं से भाषण करवाये रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे यह शासन का नहीं बल्कि भाजपा का चुनावी कार्यक्रम है। वार्ता मे पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा, ठाकुरदास सचदेव, त्रिभुवन प्रताप सिंह, अशोक गौंटिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
•जगह-जगह खदेड़ी जा रही यात्रा
पूर्व विधायक अजय सिंह ने कहा कि विकास यात्रा के साल भर से भी पहले आवास बना कर रह रहे हितग्राहियोंं का गृहप्रवेश कराया जा रहा है। अपनी समस्या ले कर पहुंच रहे लोगों को बोलने तक नहीं दिया जा रहा है। कहीं महिला पत्रकार के सांथ अपमान तो कहीं लाठीचार्ज हो रहा है। जिसकी वजह से जनता मे भारी रोष है। यही कारण है कि जहां भी विकास यात्रा जा रही है, वहां नागरिक खुल कर इसका विरोध कर रहे हैं। कई जगह तो महिलाओं ने आगे आ कर यात्रा को खदेडऩे का काम किया है। श्री सिंह ने कहा कि यह विकास यात्रा नहीं भाजपा की निकास यात्रा है। आने वाले चुनावों मे जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिये तैयार बैठी है।
•शिवराज से पूंछे सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, निवेश से कर उद्योग-धंधों, रोजगार देने, महिला और बाल स्वास्थ्य और कुपोषण पर नियंत्रण मे प्रदेश फिसड्डी है तो महिला, बाल और आदिवासी अपराध मे सबसे ऊपर। मध्यप्रदेश की जनता चाहती है शिवराज सिंह चौहान इन सारे सवालो का जवाब दें। वे बताएं कि मध्यप्रदेश मे किसान डिफाल्टर क्यों हो रहे है, सरकार इतना कर्ज क्यों ले रही है, प्रदेश मे हर जगह हड़ताल और धरना प्रदर्शन क्यों हो रहा है।
•जनता मांग रही जवाब
उन्होने कहा कि भाजपा के राज मे करीब 150 घोटाले हुए हैं। प्रदेश मे करीब 20 साल से भाजपा और शिवराज सिंह चौहान की सरकार हैं। वे केवल घोषणायें करने मे माहिर हैं। उमरिया जिले मे ही उनकी हजारों घोषणाओं का क्रियान्वयन नहीं हुआ है। प्रदेश मे कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शुरू की गई किसान कर्ज माफी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एक हजार करने, गौ-शाला निर्माण, 100 रूपये मे 100 यूनिट बिजली देने जैसी कल्याणकारी योजनायें क्यों बंद की गई। इसका जवाब आज राज्य की जनता मांग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button