मसूदपुर अंबा नगर पहुंची कुरवाई विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा

●रवि चौरसिया●
गंजबासौदा■ आज जितनी भी योजनाएं चल रही हैं वह कभी कांग्रेस शासनकाल में देखने को नहीं मिली। कांग्रेसका विकास से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रहा। हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री सभी का विशेष ध्यान रखते हैं चाहे बच्चे हो, बड़े हो, बुजुर्ग हो या फिर नौजवान हो सभी के लिए कुछ ना कुछ योजनाओं के जरिए उन्हें लाभ पहुंचाते हैं। एक बात आज यहां कुरवाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की विकास यात्रा के दौरान विधायक हरि सिंह सप्रे ने कही।
भाजपा की विकास यात्रा का चरण मंगलवार के दिन मसूदपुर अंबानगर क्षेत्र में पहुंचा। इस मौके पर विधायक हरि सिंह सप्रे के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राकेश सिंह जादौन, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, नगर पालिका गंजबासौदा की अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव, कलेक्टर उमाशंकर भार्गव के अलावा भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण जन मौजूद रहे।
कलश, कन्या पूजन भगवान की विधिवत पूजन अर्चन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया।
अपने उद्बोधन में विधायक हरि सिंह सप्रे ने कहा कि आज कुरवाई विधानसभा क्षेत्र की दशा और दिशा ही बदल गई है। चारों ओर विकास की गंगा हमने बहाई है। चाहे किसान हो या आम नागरिक सभी के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योजनाएं चलाकर लाभान्वित किया है। पहले कांग्रेस राज में न लाइट थी, बिजली थी और ना ही पानी की कोई व्यवस्था। अब चारों ओर उजियारा ही उजियारा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राकेश सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे वादे नहीं करती बल्कि धरातल पर काम करके भी दिखाती है। आज बुजुर्ग तीर्थ जा रहे हैं, बच्चों को पढ़ाई के लिए योजना का लाभ मिल रहा है युवाओं को ऋण मिल रहा है इन सब चीजों का कांग्रेस में दूर-दूर तक कोई नाता नहीं था। नप अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव ने कहा कि लाडली बहना योजना के तहत ₹1000 हर माह महिलाओं को मिलेंगे और इस योजना की शुरुआत भी मार्च माह में हो रही है। भाजपा के राज में महिलाएं निरंतर तरक्की कर रही हैं और देश और प्रदेश का नाम बढ़ा रही हैं। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र यादव ने केंद्र और प्रदेश की सरकार के द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं को संक्षिप्त में बताया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।