खास खबरछत्तीसगढ़ की खबरे

कलेक्टर ने किया आश्रम,स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण मध्यान्ह भोजन को चख कर देखा

●यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर●

कांकेर■ कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला आज दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के स्कूलो तथा कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए बनाये गये मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखने भोजन को चखकर भी देखा।स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय दुर्गूकोंदल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 10 वीं के छात्र-छात्राओं से चर्चा की, उन्हें प्रसन्न मन से पढ़ाई करने के लिए समझाईश देते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदों पर चयनित होने के लिए प्रोत्साहित किया। गत दिवस हुई पढ़ाई की अनिवार्य रूप से रिविजन करने की समझाईश भी दी गई। सभी बच्चों से पढ़ाई के विषय में जानकारी लिया तथा कक्षा शिक्षक से प्रतिदिन एक घण्टा अतिरिक्त कक्षा लेने एवं प्रत्येक शनिवार को गणित विषय की साप्ताहिक परीक्षा लेने और प्रति सोमवार को गत सप्ताह की पढ़ाई के संबंध में प्रश्न पूछकर बच्चों को पेन आदि भेंटकर प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश प्राचार्य को दिए। कक्षा 10वी की छात्रा प्राची द्वारा जैवभार पिरामिड का ब्लैकबोर्ड पर अच्छा विशलेषण किया गया। कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला द्वारा माध्यमिक शाला एवं आदर्श कन्या आश्रम चेमल का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई कक्ष और विद्यार्थियों के लिए बनाये गये मध्यान्ह भोजन का अवलोकन किया गया तथा भोजन की गुणवत्ता परखने चखकर भी देखा एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को भोजन परोसने के निर्देश आश्रम अधीक्षक को दिये। आश्रम अधीक्षिका श्रीमती चन्द्रिका सहारे ने बताया कि कन्या आश्रम में 42 छात्राएं हैं तथा सुरक्षा गार्ड भी पदस्थ है। कलेक्टर ने बच्चों के कंघी को नियमित रूप से बदलने के लिए आश्रम अधीक्षिका को निर्देशित करते हुए आश्रम के गार्डन की प्रशंसा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button